Helpline +919415567039 || sk.up@smarthindustan.news

Updated Sun, 16 May 2021 11:35 PM

जांच में 143 नए संक्रमित मिले, शिक्षामित्र की मौत

संतकबीर नगर : जनपद में शनिवार को आई 1993 लोगों की जांच रिपोर्ट में 1901 निगेटिव 143 नए संक्रमित मिले। संक्रमित शिक्षा मित्र की इलाज के दौरान मौत हो गई। इलाज से 92 लोग स्वस्थ भी हुए । खलीलाबाद ब्लाक के सादिकगंज के प्राथमिक विद्यालय पर तैनात शिक्षामित्र वैजयंती माला उपाध्याय की शुक्रवार को देर रात मौत हो गई। उनके पति बांके बिहारी उपाध्याय ने बताया कि पंचायत चुनाव में मतदान ड्यूटी के बाद पत्‍‌नी बीमार पड़ीं। बीते 13 मई को उन्हें सांस लेने में परेशानी होने पर जांच कराई गई तो संक्रमण की पुष्टि हुई। बंधवा स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। जनपद में अब तक मिले 7429 संक्रमितों में से 6442 लोग इलाज से पूरी तरह से स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या 75 तक पहुंच चुकी है। जिले में इस समय 916 एक्टिव मरीज हैं, जिसका इलाज चल रहा है। अभी भी 1353 लोगों की जांच रिपोर्ट आनी बाकी है। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. मोहन झा ने बताया कि खलीलाबाद ब्लाक में सबसे अधिक 32 संक्रमित मिले हैं। उन्होंने बताया कि जनपद के कोरोना एल-टू वार्ड में 88 मरीजों का इलाज चल रहा है। गोरखपुर मेडिकल कालेज व अन्य जगहों पर 30 मरीज भर्ती हैं। बस्ती के कैली अस्पताल में जनपद के आठ और लखनऊ में 19 गंभीर संक्रमितों का इलाज चल रहा है। इसके साथ ही 770 लोग अपने घरों में रहकर इलाज कर रहे हैं। ------------------- इन ब्लाकों में मिले मरीजों की स्थिति ब्लाक- संख्या खलीलाबाद- 32 बघौल- 11 नाथनगर- 17 मेंहदावल- 14 पौली - दो

संतकबीर नगर जिले के 60 ग्राम प्रधान नहीं ले सकेंगे शपथ

संतकबीर नगर : जिले के पांच दर्जन ग्राम प्रधान शपथ नहीं ले सकेंगे। इसका कारण इन ग्राम पंचायतों में दो तिहाई सदस्यों का चयन पूर्ण नहीं हो पाना है। गांव की सरकार बनने के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में प्रधान के साथ दो तिहाई सदस्यों का चयन होना अनिवार्य है। जिन ग्राम पंचायतों में दो तिहाई सदस्यों का चयन नहीं हो सका है उन गांवों के प्रधान शपथ नहीं ले सकेंगे। जांच में पता चला है कि मेंहदावल, सांथा व बेलहर ब्लाक के पांच दर्जन ग्राम पंचायतों में दो तिहाई ग्राम पंचायत सदस्यों का चयन नहीं हो सका है। इन सदस्यों का चुनाव कराने के प्रति प्रशासन भी लापरवाह बना हुआ है। हालांकि प्रधानों ने एसडीएम से ग्राम पंचायत में सदस्यों का चुनाव कराने की मांग की है पर उनकी मांग पूरी नहीं हुई। इससे शपथ ग्रहण से वंचित होने वाले प्रधानों की बेचैनी बढ़ गई है और सभी को गांवों में विकास कार्य प्रभावित होने की चिंता सताने लगी है।

कंटेनमेंट जोन बरदहिया बाजार और बंजरिया में चला सफाई अभियान

संतकबीर नगर : नगरपालिका परिषद खलीलाबाद का शनिवार को कंटेनमेंट जोन बने शहर के बरदहिया और बंजरिया मोहल्ले में विशेष अभियान चला। कर्मियों ने यहां सफाई करके कीटनाशक का छिड़काव किया। इसके साथ ही नागरिकों से स्वच्छता अपनाने व सफाई व्यवस्था बनाएं रखने व घरों में रहने की अपील की गई। इन दोनों जगहों पर अलग-अलग टीमों ने सफाई करके सैनिटाइज किया। गोला बाजार उत्तरी, पुरानी तहसील, मोतीनगर, बरईटोला आदि स्थानों पर भी नाले की सफाई, कूड़े-कचरे का निस्तारण किया गया। अधिशासी अधिकारी बीना सिंह ने मोहल्ले में पहुंचकर जानकारी ली। नागरिकों को बचाव के उपाय पर अमल करने को जागरूक किया गया। लोगों से घरों में रहने की अपील की गई।